जन वाणी न्यूज़
लोनी में युवक की हत्या से उबाल: बागरानप में तनाव, विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की
रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता जन वाणी
गाजियाबाद/लोनी, 27 अप्रैल। लोनी क्षेत्र के बागरानप इलाके में जाटव समाज के युवक सोनू जाटव की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की सूचना मिलते ही लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर पीड़ित परिवार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
घटना को लेकर विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक युवक की हत्या नहीं, बल्कि समाज में भय का वातावरण बनाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी सख्त कार्रवाई कराई जाएगी जो आने वाले समय के लिए नजीर बने।
विधायक ने कहा कि लोनी क्षेत्र में जब-जब असामाजिक और कट्टरपंथी तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है, पुलिस प्रशासन ने उन्हें करारा जवाब दिया है। इस प्रकरण में भी प्रशासन से कठोरतम कार्रवाई की अपेक्षा है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा करेगी।
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन देते हुए विधायक ने कहा कि परिवार की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं और वे स्वयं उन्हें लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कराएंगे, ताकि पीड़ित परिवार को हर स्तर पर राहत और न्याय मिल सके।
घटना के बाद बागरानप और आसपास के क्षेत्रों में शोक व रोष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
विधायक ने कहा कि पिछले कई वर्षों में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है, जिससे आमजन में चिंता है। उन्होंने प्रशासन से कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
अब पूरे क्षेत्र की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है और लोग यह देखना चाहते हैं कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में न्याय कितनी तेजी से मिलता है।
