जन वाणी न्यूज़
वेवसिटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूटकांड के दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, कुंडल, बाइक और अवैध हथियार बरामद

रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता जन वाणी
गाजियाबाद। थाना वेवसिटी पुलिस ने महिला से कुंडल लूटने की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कुंडल, घटना में प्रयुक्त स्पोर्ट्स बाइक, दो अवैध तमंचे, कारतूस और खोखा बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को वेवसिटी पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यशैली माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल 2026 को श्रीमती मुन्नी पत्नी स्वर्गीय किशन पाल, निवासी थाना वेवसिटी क्षेत्र, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे ग्राम इकला क्षेत्र में तीन अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनके कान का कुंडल छीन लिया और फरार हो गए। मामले में थाना वेवसिटी पर मुकदमा संख्या 0100/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान की, जिनमें अंकित जाटव, दीपक नागर और सचिन नागर शामिल थे। तीनों आरोपी ग्राम कचेडा, थाना बादलपुर, जिला गौतमबुद्धनगर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान चेकिंग अभियान के दौरान वांछित आरोपी दीपक नागर और सचिन नागर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान मुठभेड़ की स्थिति बनी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने साथी अंकित जाटव के साथ मिलकर महिला से कुंडल छीना था। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी अंकित जाटव की तलाश में दबिश दे रही है।
बरामदगी में शामिल:
महिला से छीना गया एक पीली धातु का कुंडल
घटना में प्रयुक्त R15 मोटरसाइकिल
02 अवैध तमंचे .315 बोर
02 जिंदा कारतूस
03 खोखा कारतूस
पुलिस की सक्रियता से बढ़ा भरोसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि वेवसिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर यह साबित किया है कि अपराधियों के लिए क्षेत्र में कोई जगह नहीं है। महिला से लूट जैसी घटनाओं पर तत्काल संज्ञान लेकर आरोपियों को पकड़ना पुलिस की सतर्कता और मजबूत कानून व्यवस्था का संकेत है।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
