जन वाणी न्यूज
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता जन वाणी
गाजियाबाद, 19 अप्रैल। थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में रविवार bसुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित पाए जाने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति बन गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए विशेष टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष (26 वर्ष) निवासी संगम विहार और जॉन्टी उर्फ प्रिंस (26 वर्ष) निवासी सरस्वती विहार, थाना लोनी बॉर्डर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहनता से जांच जारी है और घटना के पीछे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न उत्पन्न हो।
इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
