
.
जन वाणी न्यूज़
टीला मोड़ में मासूम से दरिंदगी का आरोपी 50 हजार का इनामी जसीम मुठभेड़ में ढेर, पुलिस पर भी की थी फायरिंग
रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता जन वाणी
गाजियाबाद, 20 अप्रैल। थाना टीला मोड़ क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या जैसे जघन्य अपराध में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी जसीम उर्फ छोटू को स्वाट टीम और अपराध शाखा ने मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक सिपाही की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को थाना टीला मोड़ में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 99/2026 के तहत यह सनसनीखेज मामला सामने आया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके सगे साले जसीम उर्फ छोटू ने 11 अप्रैल को उसकी 4 वर्षीय बेटी को टॉफी का लालच देकर अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए शालीमार गार्डन क्षेत्र में एक पार्क के पास कार के नीचे रख दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने स्वाट टीम और अपराध शाखा को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। साथ ही आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आरोपी द्वारा बच्ची को ले जाते हुए देखा गया, जिससे उसके खिलाफ साक्ष्य मजबूत हुए।
ऐसे हुई मुठभेड़
19 अप्रैल को स्वाट टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जसीम अपने साथियों के साथ थाना टीला मोड़ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर टीम ने बंथला नहर कट के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। बाइक फिसलने के बाद भी बदमाशों ने आड़ लेकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जसीम उर्फ छोटू घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में कॉम्बिंग जारी है।
पुलिसकर्मी घायल, जैकेट ने बचाई जान
मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल अमित और इकबाल घायल हो गए, जबकि कांस्टेबल मोहित शर्मा की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से उनकी जान बच गई।
बरामदगी में हथियार और चोरी की बाइक
मौके से पुलिस ने 3 देशी तमंचे (.315 बोर), 6 जिंदा कारतूस, 10 खोखा कारतूस और दिल्ली से चोरी की गई बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
पहले भी जा चुका था जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जसीम उर्फ छोटू पहले भी मुजफ्फरनगर में एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका था। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस मुठभेड़ के संबंध में थाना टीला मोड़ पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
