जन वाणी न्यूज़
लोनी में बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित: माहौल संवेदनशील, जनप्रतिनिधियों ने शांति बनाए रखने की अपील
रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता जन वाणी
गाजियाबाद (लोनी)। इंद्रापुरी क्षेत्र में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया, वहीं प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा देर रात इस कृत्य को अंजाम दिया गया। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
खतौली विधायक मदन भैया ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब पूरे देश के लिए सम्मान और प्रेरणा के प्रतीक हैं, ऐसे में उनकी प्रतिमा के साथ इस प्रकार की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने चेताया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर जनआक्रोश बढ़ सकता है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और संवेदनशील मामलों में संयम बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि आपसी भाईचारा और शांति ही क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है।पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफतार दुसरे की तलाश जारी ।
बाद में पुलिस ने 5 फुट की बाबा साहब की पत्थर की प्रतिमा को मंगवाया और खंडित मूर्ति की जगह स्थापित कराया
