जन वाणी न्यूज़
इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़: दुष्कर्म व चोरी के आरोपी के पैर में लगी गोली, अवैध हथियार समेत गिरफ्तार
संवाददाता जन वाणी
गाजियाबाद (ट्रांस हिंडन)। थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में सनसनीखेज दुष्कर्म और चोरी की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए रविवार को मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई।
पुलिस के मुताबिक, 15/16 अप्रैल की रात नीतिखंड-2 स्थित एक निर्माणाधीन प्लॉट में बनी झुग्गी में घुसकर आरोपी ने 7 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था और झुग्गी से नकदी व मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया था। इस जघन्य घटना के बाद थाना इंदिरापुरम में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई थीं।
रविवार तड़के गश्त के दौरान गौर ग्रीन से कनावनी पुलिया की ओर जाने वाली ग्रीन बेल्ट रोड पर एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वह भागकर झाड़ियों में छिप गया और घेराबंदी के दौरान खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल होकर गिर पड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू निवासी फर्रुखाबाद (हाल निवासी झुग्गी, गाजियाबाद) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी की गई 10 हजार रुपये नकदी बरामद हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाएं करता रहा है। वारदात वाली रात वह पार्क में छिपा था और मौका पाकर झुग्गी में घुस गया। घटना के बाद उसने चोरी के पैसे में से कुछ खर्च कर दिए और मोबाइल फोन किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही पोक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं तथा उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले आरोपी को समय रहते दबोच लिया गया। वहीं, घटना ने एक बार फिर निर्माणाधीन स्थलों और झुग्गी बस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
