जन वाणी न्यूज़
अम्बेडकर जयंती पर कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम, संविधान के आदर्शों पर
चलने का आह्वाहन
जन वाणी संवाददाता
गाजियाबाद, 14 अप्रैल। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित महात्मा गांधी सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने अम्बेडकर के जीवन, व्यक्तित्व और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। कहा गया कि महापुरुषों की जयंती केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को समाज में स्थापित करने का अवसर होती है, जिससे नई पीढ़ी प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके।
जिलाधिकारी ने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, शांति और विकास का आधार है। संविधान के कारण ही देश में सुव्यवस्था और लोकतांत्रिक व्यवस्था निरंतर मजबूत बनी हुई है। उन्होंने सामाजिक समरसता बनाए रखने, कानून का पालन करने और विशेष रूप से सोशल मीडिया के दौर में जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह विधि व्यवस्था का सम्मान करे और नियमों का पालन सुनिश्चित करे, ताकि समाज में अनुशासन और स्थिरता कायम रह सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया।
