जन वाणी न्यूज़
लोनी अपहरण कांड में बड़ा खुलासा: साजिश में महिलाओं की भी एंट्री, दो और गिरफ्तार
जन वाणी संवाददाता
गाजियाबाद । कमिश्नरेट के लोनी क्षेत्र में डेयरी संचालक ओमकार को गोली मारकर अपहरण करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाओं पर फरार आरोपियों को संरक्षण देने और साजिश में सहयोग करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक 30 मई को गनौली गांव निवासी सुरेंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि ओमकार को गोली मारने के बाद बदमाश जबरन वाहन में डालकर अपने साथ ले गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही विदेंद्र, आजाद और अजब सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब मामले में आरोपी मोहित की मां मंजू और उसकी ताई संतरेश को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों महिलाओं ने फरार आरोपियों को छिपाने और संरक्षण देने में भूमिका निभाई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुरानी रंजिश को वारदात की वजह बताया है। पुलिस के अनुसार बदला लेने की नीयत से पूरे घटनाक्रम की साजिश रची गई थी।
हालांकि घटना के कई दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। फरार आरोपियों गौरव, सौरभ उर्फ डोल, गोपाल, मोहित समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सभी फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
उधर, ओमकार का अब तक कोई सुराग नहीं लगने से परिजनों में भारी आक्रोश है। क्षेत्र के लोगों में भी पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।
