जन वाणी न्यूज़
गोली मारकर अपहरण कांड में 10 टीमें मैदान में, नहरों-नालों तक चल रहा सर्च अभियान
ओमकार का अब तक नहीं लगा सुराग, शरण देने व षड्यंत्र में शामिल पांच आरोपी गिरफ्तार
रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के ग्राम खरखड़ी अंडरपास के पास डेयरी संचालक ओमकार के गोली मारकर किए गए अपहरण मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में ग्रामीण स्वाट, मुख्यालय स्वाट समेत कुल 10 टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, सर्विलांस की मदद ली जा रही है तथा आसपास के नदी-नालों और नहरों में भी लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण जोन सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने बताया कि 30 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गनौली निवासी ओमकार का कुछ लोगों ने फायरिंग कर अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी भी उसी गांव के रहने वाले हैं।
डीसीपी ग्रामीण के अनुसार, पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने के तुरंत बाद मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस लगातार तकनीकी और मैदानी स्तर पर कार्रवाई कर रही है। अपहृत ओमकार की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने सर्च अभियान को और व्यापक करते हुए एसडीआरएफ की मदद भी ली है। नहरों, नदी और आसपास के जल क्षेत्रों में गहन तलाश जारी है।
मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अपहरण कांड में शरण देने और षड्यंत्र में शामिल थे। अन्य आरोपियों की तलाश और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है।