जन वाणी न्यूज़
खोडा-मकनपुर में ‘हर घर जल’ की दिशा में बड़ा कदम, पाइपलाइन विस्तार का शिलान्यास—वार्ड 26 में प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र का लोकार्पण

वरिष्ठ संवाददाता जन वाणी न्यूज़
गाजियाबाद। नगर पालिका परिषद खोडा-मकनपुर क्षेत्र में पेयजल संकट को जड़ से खत्म करने की दिशा में गुरुवार को बड़ा कदम उठाया गया। कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने विभिन्न वार्डों में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन विस्तार कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही वार्ड-26 में नव निर्मित प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि खोडा-मकनपुर में वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या को खत्म करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह केवल पाइपलाइन बिछाने का काम नहीं, बल्कि हर घर तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने का व्यापक अभियान है।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “हर घर जल” के संकल्प को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी कड़ी में खोडा क्षेत्र में पाइपलाइन विस्तार परियोजना को महत्वपूर्ण बताया गया।
मंत्री ने कहा कि पहले लोगों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी या टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब सरकार की योजनाओं के माध्यम से घर-घर नल से जल पहुंचाने का कार्य तेजी पकड़ चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में क्षेत्र में पेयजल की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी और हर नागरिक को नियमित रूप से स्वच्छ पानी उपलब्ध होगा।
स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर देते हुए उन्होंने वार्ड-26 में प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र के लोकार्पण को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह केन्द्र सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।
वहीं राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि खोडा पेयजल आपूर्ति योजना (प्रथम चरण) का शिलान्यास क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वर्षों पुरानी जल समस्या का स्थायी समाधान साबित होगी और जनहित में मील का पत्थर बनेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचे और नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी गाजियाबाद रविन्द्र मंदार, उप-जिलाधिकारी अरुण दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम, डॉ. राकेश गुप्ता, ज्ञायेन्द्र मिश्र, शैलेंद्र सिंह (अधिशासी अधिकारी, खोडा) सहित नगर पालिका के अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
‘डबल इंजन सरकार’ का फोकस—बुनियादी सुविधाएं हर घर तक
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि हर नागरिक तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाकर उसके जीवन को सरल और सुरक्षित बनाना है—चाहे वह स्वच्छ पेयजल हो या बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं।