शालीमार गार्डन में देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 महिलाएं रेस्क्यू—संचालिका समेत 3 गिरफ्तार

0
34

जन वाणी न्यूज़

शालीमार गार्डन में देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 महिलाएं रेस्क्यू—संचालिका समेत 3 गिरफ्तार

गरीब महिलाओं को बहला-फुसलाकर कराया जा रहा था अनैतिक धंधा, पुलिस ने छापेमारी कर किया खुलासा

जन वाणी संवाददाता 

गाजियाबाद। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शालीमार हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस ने चार पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराते हुए इस अवैध गतिविधि में संलिप्त एक संचालिका सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शालीमार हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में भोली-भाली और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को झांसा देकर देह व्यापार में धकेला जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक पुलिस आयुक्त, शालीमार गार्डन के नेतृत्व में थाना पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान मौके से चार महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि देह व्यापार संचालित करने के आरोप में आरती उर्फ शबनम को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ दो अन्य आरोपी—विपिन शर्मा (40 वर्ष, निवासी करावल नगर, दिल्ली) और शोयब शेख (25 वर्ष, निवासी शहीद नगर, साहिबाबाद)—को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि संचालिका आरती उर्फ शबनम आर्थिक लाभ के लालच में महिलाओं को नौकरी और अच्छे पैसे का झांसा देकर इस धंधे में धकेलती थी। ग्राहकों से मोटी रकम वसूली जाती थी, जिसमें से बेहद कम हिस्सा महिलाओं को दिया जाता था। पीड़ित महिलाओं को प्रतिदिन इस कार्य के लिए मजबूर किया जाता था, जिससे उनका शोषण लगातार जारी था।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 6 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई न केवल एक आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि किस तरह आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को निशाना बनाकर उनका शोषण किया जाता है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अवैध नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here