जन वाणी न्यूज़
लोनी में जंगलराज! 60 घंटे बाद भी गोली मारकर अपहृत डेयरी संचालक ओमकार का सुराग नहीं, बदमाशों तक भी नहीं पहुंच सकी पुलिस
रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता
गाजियाबाद। लोनी कोतवाली क्षेत्र में ग्राम गनौली निवासी डेयरी संचालक ओमकार को गोली मारकर अपहरण किए जाने की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। घटना को 60 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक न तो अपहृत ओमकार को सकुशल बरामद कर पाई है और न ही वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफल हो सकी है। पुलिस की लगातार नाकामी से क्षेत्रीय लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह खरखड़ी स्थित रेलवे अंडरपास के भीतर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने डेयरी संचालक ओमकार पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने उन्हें गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी उन्हें जबरन वाहन में डालकर अपने साथ ले गए। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार पुलिस अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही हाथ लगा है। ग्रामीणों और व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने शुरुआती घंटों में तेजी और सख्ती दिखाई होती तो शायद अब तक ओमकार को सकुशल छुड़ाया जा सकता था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त ग्रामीण कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा लोनी में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 152/2026 धारा 109(1)/140(3)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत वांछित पांच शातिर अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी अथवा उनके संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
इनामी बदमाशों में गौरव नागर पुत्र गजराज निवासी बादलपुर जनपद गौतमबुद्धनगर, गोपाल पुत्र रमेश निवासी ग्राम गनौली थाना लोनी, सौरभ उर्फ भोला पुत्र विजेंद्र निवासी ग्राम गनौली, गौरव पुत्र विजेंद्र निवासी ग्राम गनौली तथा मोहित पुत्र मुकुट पंडित निवासी ग्राम गनौली शामिल हैं। पुलिस लगातार दबिश देने का दावा कर रही है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
घटना के बाद से ग्राम गनौली सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अपराधी खुलेआम रेलवे अंडरपास के भीतर किसी व्यक्ति को गोली मारकर अपहरण कर सकते हैं और कई दिन बाद भी पुलिस उसे बरामद नहीं कर पाती, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करे।
क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ओमकार को सकुशल बरामद नहीं किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। वहीं यह सनसनीखेज अपहरण कांड लोनी पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल बन गया है।