तांत्रिक की ‘बलि’ वाली बात से दोस्त की हत्या! ऑटो में शव जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश, 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

0
1

जन वाणी न्यूज़

तांत्रिक की ‘बलि’ वाली बात से दोस्त की हत्या!

ऑटो में शव जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश, 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता

गाजियाबाद । जनपद के ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। तांत्रिक द्वारा कथित रूप से “किसी नजदीकी की बलि देने से मालामाल होने और ईश्वर के साक्षात्कार” की बात सुनने के बाद तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ऑटो में रखकर जंगल में ले जाकर जला दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने इस हत्याकांड में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी नसीम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

जनवरी में दर्ज हुआ था हत्या का मुकदमा

पुलिस के अनुसार 16 जनवरी 2026 को मिल्क विकास नगर लोनी निवासी नितिन ने अपने भाई नवीन की हत्या की सूचना देते हुए ट्रोनिका सिटी थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवीन की हत्या कर उसके शव को ऑटो में जलाकर नष्ट करने की कोशिश की है।

इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने 17 जनवरी को इस घटना में शामिल दो आरोपियों पवन और सागर उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीसरा आरोपी नसीम फरार चल रहा था।

पंचलोक गेट के पास से दबोचा गया इनामी आरोपी

लगातार दबिश के बीच पुलिस ने आरोपी नसीम पुत्र इकबाल (उम्र करीब 40 वर्ष), निवासी पंचलोक को 5 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पंचलोक गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पूछताछ में खुला हैरान करने वाला राज

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक नवीन, पवन, सागर और वह आपस में दोस्त थे। एक दिन नवीन उन्हें दिल्ली में एक तांत्रिक के पास लेकर गया था। वहां बातचीत के दौरान तांत्रिक ने कथित रूप से कहा कि यदि किसी नजदीकी व्यक्ति की बलि दी जाए तो धन-संपत्ति और ईश्वर के साक्षात्कार संभव हैं।

आरोपी के अनुसार, नवीन ने तांत्रिक से अपने किसी दोस्त की बलि देने की बात भी पूछी थी। यह सुनकर बाकी तीनों दोस्तों को शक हुआ कि नवीन कहीं लालच में आकर उनकी बलि न दे दे। इसी आशंका में उन्होंने पहले ही नवीन की हत्या करने की योजना बना ली।

गैस सिलेंडर से वार कर ली जान

आरोपियों ने 13 जनवरी की रात नवीन को बहाने से सागर के कमरे पर बुलाया और मौका मिलते ही गैस सिलेंडर से सिर और कमर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर उसी के ऑटो में रखा और घिठोरा मोड़ के पास जंगल में ले जाकर ऑटो समेत शव को आग लगा दी, ताकि पहचान और सबूत मिट जाएं।

साथी पकड़े गए तो कोलकाता भाग गया था आरोपी

नसीम ने पुलिस को बताया कि जब उसे पता चला कि पवन और सागर को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है तो वह पुलिस से बचने के लिए कोलकाता भाग गया था।

पहले से भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी नसीम के खिलाफ ट्रोनिका सिटी थाने में हत्या का एक मुकदमा, लोनी थाने में लूट, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

अंधविश्वास और लालच का खौफनाक अंजाम

यह पूरा घटनाक्रम अंधविश्वास, लालच और अविश्वास के उस खतरनाक मिश्रण को उजागर करता है, जिसमें दोस्ती और इंसानियत दोनों की हत्या हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here