जन वाणी न्यूज़
वैलेंटाइन डे पर सड़क बना रणक्षेत्र: पति ने पत्नी को कथित प्रेमी संग पकड़ा, बीच सड़क हाई-वोल्टेज हंगामा


पीछा करते पहुंचे पति, मारपीट के बीच प्रेमी को बचाती रही महिला; पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर शुरू की कार्रवाई
रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता
हापुड़ । प्रेम और उत्सव के प्रतीक माने जाने वाले वैलेंटाइन डे पर हापुड़ में एक पारिवारिक विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। मेरठ रोड क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक पति ने अपनी पत्नी को कथित प्रेमी के साथ बाइक पर जाते हुए देख लिया। आरोप है कि पति पहले से पत्नी पर शक कर रहा था और उसी के चलते उसका पीछा करते हुए मौके तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही पति ने दोनों को रोका, तीखी बहस शुरू हो गई और देखते-ही-देखते मामला धक्का-मुक्की व मारपीट में बदल गया। सड़क के बीचों-बीच हुए इस विवाद से राहगीरों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने पूरी घटना मोबाइल में कैद कर ली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रेमी को बचाने की कोशिश, ट्रैफिक थमा
बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान महिला अपने कथित प्रेमी को पति से बचाने की कोशिश करती रही। विवाद इतना बढ़ा कि मेरठ रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई।
परिजनों की मौजूदगी में बढ़ा विवाद
सूत्रों के मुताबिक, पति के साथ मौजूद परिजनों ने भी कथित प्रेमी को पकड़ लिया, जिसके बाद लात-घूंसे चलने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया। अचानक हुए इस हंगामे से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस पहुंची, कानून हाथ में लेने पर चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को हटाया और तीनों पक्षों को अलग कर थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शांति भंग करने के आरोप में संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
सार्वजनिक स्थान पर टूटते रिश्तों की तस्वीर
दोपहर के समय सामान्य आवाजाही के बीच हुआ यह विवाद कुछ ही मिनटों में “हाई-वोल्टेज ड्रामा” में बदल गया। प्रेम के दिन पर खुलेआम हुए इस पारिवारिक टकराव ने रिश्तों में अविश्वास, निजी विवादों के सार्वजनिक होने और कानून-व्यवस्था के सवालों को फिर चर्चा में ला दिया है।
