जन वाणी न्यूज़
लोनी में भाजपा का ‘समर्पण दिवस’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं ने किया नमन, संगठन सुदृढ़ करने का आह्वान
गाजियाबाद। लोनी विधानसभा क्षेत्र में अंत्योदय के प्रणेता और एकात्म मानववाद के प्रवर्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘समर्पण दिवस’ मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चैनपाल चौधरी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल और मुख्य वक्ता के तौर पर जिला उपाध्यक्ष एवं भूमि विकास बैंक के चेयरमैन रामकुमार त्यागी मौजूद रहे। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर की उपस्थिति ने कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाया। मंच संचालन कार्यक्रम सहसंयोजक संजीव शर्मा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। जिलाध्यक्ष चैनपाल चौधरी ने प्रस्तावना रखते हुए सर्वसमाज से उनकी रचनाओं पर आधारित चलचित्र देखने और कार्यकर्ताओं से स्वेच्छा से समर्पण राशि संगठन को देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी संगठन के मार्गदर्शक हैं।
मुख्य वक्ता रामकुमार त्यागी ने एकात्म मानववाद की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित उपाध्याय का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना था। उनके ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत को आत्मसात कर राष्ट्रहित में कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का श्रेय उसके संस्थापकों और वैचारिक आधार को जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष और राष्ट्रविरोधी ताकतें समाज को जातिवाद के आधार पर विभाजित करने का प्रयास कर रही हैं, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंडित उपाध्याय के सपनों को साकार करने की बात कही।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि संगठन आज जिस मुकाम पर है, वह अनेक महापुरुषों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने “वसुधैव कुटुम्बकम” को संगठन का मूल सिद्धांत बताते हुए एक प्रसंग का उल्लेख किया, जिसमें पंडित उपाध्याय ने चुनाव जीतने के लिए जातिवाद की राजनीति से इनकार किया था। उन्होंने मानववाद को सर्वोपरि बताते हुए कार्यकर्ताओं से समाजहित में काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री नावेन्द्र गौण, जितेंद्र चितौड़ा, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, जिलामंत्री सुदेश भारद्वाज, आकाश गौतम, मंडल अध्यक्ष संतोष मिश्रा, जितेंद्र गुप्ता, अश्विनी कुमार, नीरज चौधरी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सभासद और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करना था।
