जन वाणी न्यूज़
गांव मंडोला के बेटे ने जिले का मान बढ़ाया, गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान
गाजियाबाद । जनपद के लोनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मंडोला के होनहार युवा राघव शर्मा, पुत्र गोविंद शर्मा, ने अपनी प्रतिभा के बल पर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने माता–पिता बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
ईश्वर की कृपा और गुरुजनों व परिजनों के आशीर्वाद से राघव शर्मा ने गाजियाबाद स्थित हिंदी भवन में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में गायन प्रतियोगिता में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इस कार्यक्रम का आयोजन गाजियाबाद पर्यटन एवं सांस्कृतिक परिषद द्वारा किया गया था, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली कलाकारों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान राघव शर्मा की सधी हुई आवाज, भावपूर्ण प्रस्तुति और शास्त्रीय संगीत की समझ ने निर्णायक मंडल को विशेष रूप से प्रभावित किया। उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने भी भरपूर सराहा और सभागार तालियों से गूंज उठा।
सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अभिनव गोपाल एवं रविंद्र कुमार, साथ ही अनेक शास्त्रीय संगीत विद्वान उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने राघव शर्मा की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस सफलता पर ग्राम मंडोला में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद राघव शर्मा ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को सांस्कृतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
राघव शर्मा की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी स्थान की मोहताज नहीं होती। सच्ची लगन, निरंतर अभ्यास और परिवार का सहयोग हो तो गांव का बेटा भी जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर सकता है।
