ट्रॉनिका सिटी पुलिस मुठभेड़: हत्या के दो आरोपी गोली लगने से घायल, आलाकत्ल बरामद

0
123

जन वाणी न्यूज़

ट्रॉनिका सिटी पुलिस मुठभेड़: हत्या के दो आरोपी गोली लगने से घायल, आलाकत्ल बरामद

सूफियान हत्याकांड का खुलासा, जंगल में बाउम्मीद बरामदगी के दौरान पुलिस पर की थी फायरिंग

लोनी। थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में पुलिस ने देर रात बाउम्मीद बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में हत्या के मामले में वांछित दो शातिर अपराधियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो देशी तमंचे और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार 12 जनवरी 2026 की रात्रि थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस टीम मुकदमा अपराध संख्या 16/26, धारा 103(1) बीएनएस में नामजद अभियुक्तों संदीप बसोया और दिव्यांशु उर्फ रॉकी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में प्रयुक्त तमंचों की बरामदगी कराने की बात कही। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर जैन कॉलोनी, हरमपुर के जंगल में पहुंची।

इसी दौरान पहले से छुपाए गए तमंचों को निकालकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में ही दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों ने 6 जनवरी 2026 को सूफियान पुत्र मोहम्मद जहांगीर, निवासी गली नंबर 9, वजीराबाद दिल्ली की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में हत्या में प्रयुक्त दोनों देशी तमंचे बरामद कर लिए गए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त

संदीप बसोया पुत्र धर्मवीर, निवासी हनुमान चौक जगतपुर, थाना वजीराबाद दिल्ली, मूल निवासी ग्राम खड़खड़ी थाना लोनी गाजियाबाद, उम्र करीब 32 वर्ष। (मुठभेड़ में घायल)

दिव्यांशु उर्फ रॉकी पुत्र मनोज कुमार, निवासी राज कॉलोनी चमन विहार विजय विहार, थाना अंकुर विहार गाजियाबाद, उम्र 20 वर्ष। (मुठभेड़ में घायल)

बरामदगी

दो नाजायज देशी तमंचे (आलाकत्ल)

दो खोखा कारतूस

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल अभियुक्त संदीप बसोया के खिलाफ पूर्व में हत्या और हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है, जबकि अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने की है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here