ट्रॉनिका सिटी में मुठभेड़ के दौरान शातिर अपराधी दबोचा गया, पैर में गोली लगने से हुआ घायल

0
78

रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़

ट्रॉनिका सिटी में मुठभेड़ के दौरान शातिर अपराधी दबोचा गया, पैर में गोली लगने से हुआ घायल

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान अपराधी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 30 और 31 दिसंबर की मध्य रात्रि थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस टीम क्षेत्र में गेट संख्या तीन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति फैक्ट्री क्षेत्र की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च जलाकर उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने मोटरसाइकिल नहीं रोकी और पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

फायरिंग करते हुए भागने के प्रयास में उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बावजूद उसने पुलिस पर लगातार गोली चलानी शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में मोटरसाइकिल सवार अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।

पूछताछ में घायल अभियुक्त ने अपना नाम दीपक गैराठी, निवासी भूआपुर, थाना सेक्टर पैंसठ, जनपद गुरुग्राम, हरियाणा बताया। घायल अवस्था में उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी सहित गंभीर अपराधों के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा तीन सौ पंद्रह बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here