रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़
फर्जी प्लेसमेंट कंपनी चला कर 30 लाख की ठगी, सिहानी गेट पुलिस ने दो शातिरों को किया गिरफ्तार
नौकरी व ट्रेनिंग का झांसा, मेट्रो-एयरपोर्ट पोस्टिंग का लालच देकर वसूली
दिल्ली-हरियाणा से संचालित था ठगी का नेटवर्क, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट पुलिस ने फर्जी प्लेसमेंट कंपनी के नाम पर बेरोजगार युवक-युवतियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त नौकरी और ट्रेनिंग दिलाने का झांसा देकर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे पीड़ितों से धनराशि वसूलते थे, लेकिन न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम लौटाई गई।
फर्जी कंपनियों के नाम पर संगठित ठगी
दिनांक 12 दिसंबर 2025 को थाना सिहानी गेट पर आशीष ठाकुर निवासी मालीबाड़ा, गाजियाबाद सहित अन्य पीड़ितों द्वारा लिखित तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि “RS हेल्थ केयर मैनेजमेंट मार्केटिंग प्रा. लिमिटेड” और “यूनिक मैनेजमेंट सर्विसेज प्रा. लिमिटेड” के नाम से फर्जी प्लेसमेंट कंपनी संचालित कर नौकरी और ट्रेनिंग दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके बदले अलग-अलग पीड़ितों से लगभग 30 लाख रुपये की धनराशि ठगी गई।
मुकदमा दर्ज, त्वरित गिरफ्तारी
तहरीर के आधार पर थाना सिहानी गेट पर मु.अ.सं. 430/2025 अंतर्गत धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान 13 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. रितेश शर्मा पुत्र प्रदीप शर्मा, निवासी भूड़ कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा), मूल निवासी सिवान, बिहार।
2. अमन पुत्र चन्दभूषण सिंह, निवासी भगवती गार्डन, जैन रोड, द्वारका मोड़, नई दिल्ली, मूल निवासी मोतिहारी, बिहार।
पूछताछ में खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे बेरोजगार युवक-युवतियों को मेट्रो स्टेशन, एयरपोर्ट और निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने का लालच देकर उनसे धनराशि वसूलते थे। फर्जी दस्तावेजों और आकर्षक ऑफर के माध्यम से भरोसा जीतकर ठगी की जाती थी। मामले में अन्य अभियुक्तों की भूमिका की गहन जांच जारी है।
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त रितेश शर्मा के विरुद्ध पूर्व में थाना बुराड़ी, दिल्ली में मु.अ.सं. 0266/22 धारा 420/34 भादवि के तहत मामला दर्ज पाया गया है।
पुलिस की अपील
कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति या संस्था को धनराशि देने से पूर्व उसकी विधिवत जांच-पड़ताल अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कार्रवाई करने वाली टीम
थाना सिहानी गेट पुलिस टीम
पुलिस का कहना है कि प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है और ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
