महिलाओं की सुरक्षा और खेलों में छात्राओं को मिला प्रोत्साहन मिशन शक्ति 5.0 के तहत कोतवाली नगर पुलिस व खेल विभाग ने किया आयोजन

0
14

रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़

महिलाओं की सुरक्षा और खेलों में छात्राओं को मिला प्रोत्साहन
मिशन शक्ति 5.0 के तहत कोतवाली नगर पुलिस व खेल विभाग ने किया आयोजन

गाजियाबाद।थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आज दिनांक 28 सितम्बर 2025 को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत एक विशेष खेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाना, आत्मविश्वास विकसित करना तथा महिला सुरक्षा को लेकर उन्हें जागरूक करना रहा।

इस आयोजन में मिशन शक्ति पुलिस टीम, पिंक बूथ टीम, थाना कोतवाली नगर पुलिस तथा स्पोर्ट्स टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालयों व कॉलेजों की छात्राओं ने हिस्सा लिया और उत्साहपूर्वक खेल प्रतियोगिताओं में अपना कौशल दिखाया।

खेल प्रतियोगिता में छात्राओं ने दौड़, कबड्डी, खो-खो जैसी स्पर्धाओं में भाग लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतिभागी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए मिशन शक्ति टीम और पिंक बूथ टीम द्वारा पैम्पलेट वितरित किए गए, जिनमें महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों तथा साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पहुंचे रितेश त्रिपाठी, सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली नगर) ने छात्राओं से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि आत्मविश्वास और अनुशासन भी सिखाते हैं। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद लेने के लिए हेल्पलाइन 1090, 1098, 112, 1930 का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया।

रितेश त्रिपाठी ने कहा, “छात्राओं को निडर होकर आगे बढ़ना चाहिए और किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करना चाहिए। मिशन शक्ति टीम और पुलिस विभाग हमेशा उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए तत्पर है।”

इस अवसर पर मिशन शक्ति पुलिस टीम की ओर से छात्राओं को जागरूक करने के लिए साइबर सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा महिला उत्पीड़न से बचाव के उपायों पर भी जानकारी दी गई।

खेल प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे भी खेलों में सक्रिय रहने की प्रेरणा दी गई।

इस आयोजन ने छात्राओं के मनोबल को बढ़ाने के साथ ही यह संदेश भी दिया कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पुलिस, प्रशासन और समाज मिलकर काम कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here