मुठभेड़ में दबोचा गया शातिर चैन स्नैचर, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

0
3
Oplus_131072

जन वाणी न्यूज़

मुठभेड़ में दबोचा गया शातिर चैन स्नैचर, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

इंदिरापुरम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, अवैध तमंचा और टूटी चेन बरामद

रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता

गाजियाबाद। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत शनिवार को एक शातिर चैन स्नैचर एवं लूटेरे को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में बढ़ती स्नैचिंग और लूट की घटनाओं के खुलासे तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 7 जून 2026 को करीब 12:20 बजे पुलिस टीम वैशाली स्थित 5/6 की पुलिया से कनावनी पुलिया की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन वह नहीं रुका और स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो जल्दबाजी और घबराहट में उसकी स्कूटी फिसलकर सड़क पर गिर गई।

घिरता देख पुलिस पर झोंका फायर

पुलिस का कहना है कि खुद को चारों ओर से घिरा देखकर आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से चलाए गए एक राउंड में आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल पुत्र अरविंद निवासी गली नंबर-6, चांदबाग, थाना दयालपुर, दिल्ली (मूल निवासी ग्राम अखेपुर, थाना सरधना, मेरठ) के रूप में हुई है।

बरामद हुआ अवैध तमंचा और लूटी गई चेन का हिस्सा

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पीली धातु की चेन का टूटा हुआ टुकड़ा तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई। पुलिस बरामद चेन के संबंध में भी जांच कर रही है और अन्य मामलों से उसके तार जोड़कर देख रही है।

दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं को बनाता था निशाना

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गाजियाबाद, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में राह चलते लोगों, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। लूटी गई चेन को वह दिल्ली में सस्ते दामों पर बेच देता था और उससे मिलने वाले पैसों को अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च करता था।

आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 22 मई 2026 को थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई एक चैन स्नैचिंग की घटना को भी अंजाम दिया था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने एनसीआर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश

इंदिरापुरम पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय स्नैचरों और लुटेरों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here