मथुरा में भंडारे की प्रतिस्पर्धा बनी खूनी संघर्ष की वजह, दो पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला महोली गांव

0
1
Oplus_131072

जन वाणी न्यूज़

मथुरा में भंडारे की प्रतिस्पर्धा बनी खूनी संघर्ष की वजह, दो पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला महोली गांव

छह लोग घायल, छह हिरासत में, अवैध हथियार बरामद — एसएसपी बोले: दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

वरिष्ठ संवाददाता / जन वाणी न्यूज़

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव महोली में बुधवार को पुरानी रंजिश, मोटरसाइकिल टकराने के विवाद और भंडारा लगाने की प्रतिस्पर्धा ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। मौके से कुछ अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।

घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और माहौल को नियंत्रित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार स्वयं मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि थाना हाईवे क्षेत्र के गांव महोली में दो पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। बुधवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी में छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया है तथा उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध हैं, जिनमें फायरिंग करने वाले लोग स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि मंगलवार को मोटरसाइकिल टकराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके साथ ही गांव में भंडारा लगाने को लेकर भी प्रतिस्पर्धा और तनाव बना हुआ था। इसी रंजिश और आपसी कसीदगी ने बुधवार को हिंसक रूप धारण कर लिया।

एसएसपी श्लोक कुमार ने यह भी कहा कि पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है कि पहले हुए झगड़े की सूचना पुलिस को दी गई थी या नहीं और उस समय स्थानीय पुलिस ने क्या कार्रवाई की थी। यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव महोली और आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here