सहारनपुर में एक लाख के इनामी एहसान का एनकाउंटर, गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका

0
20
Oplus_131072

जन वाणी न्यूज़

सहारनपुर में एक लाख के इनामी एहसान का एनकाउंटर, गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इलाका

पुलिस और बदमाशों के बीच चली कई राउंड फायरिंग, इंस्पेक्टर व सिपाही भी घायल

रविन्द्र बंसल वरिष्ठ / संवाददाता जन वाणी न्यूज़

सहारनपुर । शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश एहसान को पुलिस ने मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस दौरान सरसावा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश शर्मा और हेड कांस्टेबल सोनू भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ सरसावा और चिलकाना क्षेत्र के बीच डुमवाला गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि पिलखनी और डुमवाला मार्ग के बीच दो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस टीम का बदमाशों से आमना-सामना हो गया।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग

पुलिस का दावा है कि घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान एक लाख का इनामी बदमाश एहसान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीने और पैर में गोली लगी। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।

मारा गया बदमाश एहसान नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव कपूरी का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह सहारनपुर के टॉप-10 अपराधियों में शामिल था और उसके खिलाफ लूट, डकैती व अन्य गंभीर अपराधों के करीब 13 मुकदमे दर्ज थे। बेहट क्षेत्र में हुई एक डकैती की घटना में वह वांछित चल रहा था। इसी मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि वह लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।

इंस्पेक्टर के हाथ में लगी दो गोलियां

मुठभेड़ के दौरान सरसावा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश शर्मा के बाएं हाथ में दो गोलियां लगीं। वहीं हेड कांस्टेबल सोनू भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति की जानकारी ली।

इलाके में बढ़ाई गई चौकसी, फरार साथी की तलाश तेज

घटना के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने आसपास के गांवों और मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मुठभेड़ पर उठते हैं सवाल, लेकिन पुलिस का दावा स्पष्ट

ऐसी घटनाओं के बाद हर बार पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल भी खड़े होते हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा और अपराध नियंत्रण के तहत की गई। अधिकारियों के मुताबिक बदमाशों ने पहले फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। पुलिस का यह भी कहना है कि पूरे घटनाक्रम की वैधानिक प्रक्रिया के तहत जांच कराई जाएगी।

अपराध पर सख्ती का संदेश

एक लाख के इनामी बदमाश के मारे जाने को पुलिस अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है। वहीं इस कार्रवाई से अपराध जगत में भी हलचल मच गई है। लगातार बढ़ते अपराध और सक्रिय गैंगों के बीच पुलिस की यह कार्रवाई कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here