दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या से लोनी में सनसनी

0
53

जन वाणी न्यूज़

दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या से लोनी में सनसनी

जन वाणी संवाददाता

लोनी। लोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिकरानी गांव के पास नहर किनारे बुधवार देर शाम युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नितिन (20) निवासी गांव डोला जनपद बागपत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब छह बजे नितिन सिकरानी नहर किनारे मौजूद था। इसी दौरान वहां पहुंचे बदमाशों ने उस पर दो गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही नितिन जमीन पर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

घटना ऐसे स्थान पर हुई जहां आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। इससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और पूर्व नियोजित साजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here