लोनी में भूमाफिया की धमकियों से दहशत, परिवार ने मांगी सुरक्षा

0
1
Oplus_131072

जन वाणी न्यूज़

लोनी में भूमाफिया की धमकियों से दहशत, परिवार ने मांगी सुरक्षा

ट्रॉनिका सिटी थाने में शिकायत दर्ज, आरोपी पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज होने का दावा

स्थानीय संवाददाता जन वाणी

लोनी/ट्रॉनिका सिटी। लोनी क्षेत्र में कथित रूप से सक्रिय एक कुख्यात भूमाफिया द्वारा परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने ट्रॉनिका सिटी थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि पावी सादकपुर निवासी माजिद उर्फ माजू लगातार फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने, मारपीट करने और टांग तोड़ने की धमकी दे रहा है।

शिकायतकर्ता साबिर अली पुत्र हाजी मूदी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी द्वारा मोबाइल फोन पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास होने के कारण उन्हें किसी भी समय बड़ी वारदात होने का भय सता रहा है।

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि माजिद उर्फ माजू और उसके साथियों का क्षेत्र में दबंगई एवं भय का माहौल है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी पूर्व में भी कई गंभीर मुकदमों में नामजद रह चुका है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2022 से लेकर 2026 तक विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं भी शामिल हैं। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

साबिर अली और उनके परिवार ने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है।

अब देखना यह होगा कि ट्रॉनिका सिटी पुलिस इस गंभीर शिकायत पर कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करती है, क्योंकि मामला केवल धमकियों तक सीमित नहीं बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ा माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here