जन वाणी न्यूज़
11 दिन की मासूम को बेचने की साजिश का पर्दाफाश,
अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

गाजियाबाद पुलिस की बड़ीकार्रवाई, 12 आरोपी गिरफ्तार; नकली नोटों के सहारे नवजातों की खरीद-फरोख्त का खुलासा
रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता
गाजियाबाद । कमिश्नरेट की ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने मानवता को शर्मसार करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें छह महिलाएं भी शामिल हैं। गिरोह 11 दिन की नवजात बच्ची को बेचने की फिराक में था। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया, जबकि गिरोह के कब्जे से तीन वाहन और करीब दो लाख 90 हजार रुपये के नकली नोट भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को ट्रॉनिका सिटी थाने में एक महिला द्वारा अपनी नवजात बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया और तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र की मदद से गिरोह तक पहुंच बनाई गई।
जांच में सामने आया कि गिरोह आर्थिक तंगी और पारिवारिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर महिलाओं को झांसे में लेता था। आरोपियों द्वारा उन्हें भरोसा दिलाया जाता था कि पैदा होने वाले बच्चों को अच्छे परिवारों में भेजा जाएगा और बदले में मोटी रकम दिलाई जाएगी। इसके बाद नवजातों को दूसरे राज्यों में बेचने की साजिश रची जाती थी।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी नकली नोटों का इस्तेमाल कर बच्चों की खरीद-फरोख्त करते थे। जिन लोगों से बच्चा लिया जाता, उन्हें असली रकम का लालच देकर नकली नोट थमा दिए जाते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह लंबे समय से इस घिनौने धंधे में सक्रिय था और कई राज्यों तक इसका नेटवर्क फैला हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले लोग शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में हुई संदिग्ध घटनाओं की भी जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज खुलासे ने एक बार फिर नवजात बच्चों की सुरक्षा और मानव तस्करी के बढ़ते नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज कुछ पैसों के लालच में मासूम जिंदगियों का सौदा करने वाले इस गिरोह की करतूत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
