जन वाणी न्यूज़
लोनी में डिलिवरी बॉय पर जानलेवा हमला, लूटपाट की कोशिश में बदमाशों ने चेहरे पर किया वार
- विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला, 16 टांके आए, दिल्ली ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
स्थानीय संवाददाता जन वाणी न्यूज़
लोनी। लोनी क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अंकुर विहार थाना क्षेत्र के खन्ना नगर पुलिस चौकी इलाके में ऑनलाइन पार्सल डिलिवरी करने आए एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर लूटपाट की कोशिश करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक के चेहरे पर धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के उस्मानपुर निवासी अमन ऑनलाइन पार्सल डिलिवरी का कार्य करते हैं। बताया गया कि वह देर रात लोनी क्षेत्र में टोल टैक्स के पास गढ़ी कट्टेया इलाके में एक ऑनलाइन पार्सल देने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर लूटपाट का प्रयास किया।
परिजनों के अनुसार जब अमन ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि अमन के चेहरे पर गहरे घाव आए और उन्हें 16 टांके लगाने पड़े। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर, सिविल लाइन कश्मीरी गेट में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पीड़ित के बड़े भाई रवि ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रात के समय असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ता जा रहा है और डिलिवरी बॉय तथा आम राहगीर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर देर रात काम करने वाले डिलिवरी एजेंट, ई-कॉमर्स कर्मी और आम नागरिक कितने सुरक्षित हैं। लगातार बढ़ती ऐसी घटनाएं पुलिस की रात्रि गश्त और अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगा रही हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी बताई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके के लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
