रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़
गाजियाबाद में धूमधाम से मना उत्तर प्रदेश दिवस–2026, विकास, संस्कृति और सुशासन का दिखा भव्य संगम
पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में हुआ जिला स्तरीय आयोजन, 25 विभागों की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन



गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद गाजियाबाद में पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांडड़ के नेतृत्व में तथा मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल के मार्गदर्शन एवं प्रबंधन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री नरेन्द्र कश्यप रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक मोदीनगर डॉ. मंजू सिवाच, विधायक सदर संजीव शर्मा, विधायक लोनी नन्द किशोर गुर्जर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के आगमन पर स्वागत उपरांत उन्होंने प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया।
25 विभागों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी में समाज कल्याण, महिला कल्याण, सौर ऊर्जा, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र, श्रम विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, एनआरएलएम, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, सहकारिता, जिला पूर्ति, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, दुग्ध विकास सहित कुल 25 विभागों एवं संस्थानों के स्टॉल लगाए गए। मंत्री ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारम्भ
मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ किया गया। आयोजकों की ओर से अतिथियों को प्रतीक चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। नन्हे कलाकारों द्वारा गणेश वंदना और गंगा आरती से कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सालवान, युक्ता एवं मुक्ता, एमबी गर्ल्स, शम्भु दयाल ग्लोबल, केआर मंगलम, कम्पोजिट विद्यालय लोनी, जीजीआईसी प्रेम नगर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, स्टोरी सॉन्ग और ‘उत्तर प्रदेश की गाथा’ जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस दौरान लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को उपस्थित जनसमूह ने देखा और सुना। मंत्री नरेन्द्र कश्यप द्वारा मेरठ मंडल पर आधारित लघु फिल्म का भी उद्घाटन किया गया।
विकास को लेकर नेताओं के विचार
मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है। प्रदेश को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सभी की है। प्रदेश को नंबर एक बनाने के लिए पहले अपने जनपद को नंबर एक बनाना होगा। सांस्कृतिक, तकनीकी, स्वास्थ्य और विकास के हर क्षेत्र में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विधायक डॉ. मंजू सिवाच ने कहा कि वर्तमान सरकार में महिलाएं और बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि जनपद हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।
विधायक नन्द किशोर गुर्जर ने कहा कि सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण किया है, जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।
लाभार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में कलाकारों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र, किट और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। एनआरएलएम से 8, प्रधानमंत्री आवास योजना से 10, कृषि विभाग से 6, जिला उद्योग केंद्र से 10, बाल विकास से 7, खादी ग्रामोद्योग से 5, श्रम विभाग से 5, जिला पूर्ति विभाग से 10, महिला कल्याण से 22 तथा दिव्यांगजन श्रेणी से 4 लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त महिला कल्याण, कृषि विज्ञान केंद्र, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, वन विभाग, पशुपालन विभाग, समाज कल्याण, जिला उद्योग केंद्र, जिला पूर्ति एवं अन्य विभागों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों को भी गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने स्वागत संबोधन दिया जबकि मुख्य विकास अधिकारी ने समापन संबोधन में सभी अतिथियों, कलाकारों, अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. पूनम शर्मा द्वारा किया गया।
उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का यह आयोजन विकास, संस्कृति और जनभागीदारी का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।
