रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़
ट्रोनिका सिटी हत्या कांड का खुलासा: दोस्ती की आड़ में साजिश, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद । थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में हुई युवक
महताब की नृशंस हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बैटरी ऑटो और हत्या में इस्तेमाल किया गया मफलर भी बरामद किया है। यह मामला दोस्ती, विश्वासघात और अपराध की क्रूरता को उजागर करता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 जनवरी 2026 को पूजा कॉलोनी मंगल बाजार निवासी रूबीना द्वारा थाना ट्रोनिका सिटी में तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उनके पति महताब को नीरज और हर्षित ने घर से बुलाकर ले जाया और हत्या कर शव को दिल्ली के तिमारपुर क्षेत्र में फेंक दिया। इस तहरीर के आधार पर थाना ट्रोनिका सिटी में बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तत्काल पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर लगातार दबिशें दीं। इसके परिणामस्वरूप 23 जनवरी 2026 को आवास विकास के पास से दोनों आरोपियों नीरज और हर्षित को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक महताब और दोनों अभियुक्त आपस में दोस्त थे। 18 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे नीरज ने हर्षित के फोन से महताब को कॉल कर घर से बाहर बुलाया। तीनों बैटरी ऑटो में सवार होकर ट्रोनिका सिटी की ओर चले, जहां ऑटो हर्षित चला रहा था और पीछे नीरज व महताब बैठे थे।
रास्ते में नीरज द्वारा की गई आपत्तिजनक मांग को लेकर महताब और नीरज के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान ट्रोनिका सिटी से सिग्नेचर सिटी जाने वाले मार्ग पर नीरज ने चलते ऑटो से महताब को धक्का दे दिया। ऑटो रोकने पर महताब सड़क पर बेसुध पड़ा मिला, उसके सिर में गंभीर चोट थी।
पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने मिलकर महताब के गले में पड़े मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को यमुना नदी में फेंकने के इरादे से सिग्नेचर ब्रिज, दिल्ली पहुंचे, लेकिन भारी ट्रैफिक के कारण योजना विफल हो गई। अंततः मौका देखकर शव को सड़क किनारे फेंक कर दोनों फरार हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1. नीरज, निवासी सुधीर एन्क्लेव रामपार्क, थाना ट्रोनिका सिटी, मूल निवासी बदायूं, उम्र लगभग 25 वर्ष।
2. हर्षित पटेल, निवासी पूजा कॉलोनी, थाना ट्रोनिका सिटी, उम्र लगभग 22 वर्ष।
बरामदगी
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बैटरी ऑटो और हत्या में इस्तेमाल किया गया मफलर बरामद किया गया है।
फिलहाल दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस पूरे मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और यह सवाल खड़े कर दिए हैं कि भरोसे और दोस्ती की आड़ में अपराध किस हद तक पहुंच सकता है।
