लोनी बॉर्डर पर “तार माफिया” और ई-वेस्ट जलाने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी

0
71
Oplus_131072

जन वाणी न्यूज़

लोनी बॉर्डर पर “तार माफिया” और ई-वेस्ट जलाने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस आयुक्त को लिखा पत्र, बेहटा नहर की भूमि से अतिक्रमण हटाने और अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग

जन वाणी संवाददाता 

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर क्षेत्र में लंबे समय से चल रही तार जलाने, तार छीलने और ई-वेस्ट जलाने की अवैध गतिविधियों को लेकर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस गंभीर समस्या को लेकर गाजियाबाद पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर संगठित रूप से सक्रिय तार माफियाओं और ई-वेस्ट जलाने वाले गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में बताया कि बेहटा हाजीपुर और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर तार जलाकर उससे धातु निकालने और ई-वेस्ट जलाने का अवैध कारोबार चल रहा है। इस प्रक्रिया में निकलने वाला जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल रहा है, जिससे वातावरण अत्यधिक प्रदूषित हो रहा है। कई मौकों पर क्षेत्र का प्रदूषण स्तर 500 से अधिक दर्ज किया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक माना जाता है।

विरोध करने पर स्थानीय लोगों को मिल रही धमकियां

विधायक के अनुसार, जब स्थानीय लोग इन गतिविधियों का विरोध करते हैं तो उन्हें माफिया तत्वों की ओर से धमकियां दी जाती हैं और कई मामलों में मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं। इससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

बेहटा नहर की भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बेहटा नहर के दोनों किनारों पर सिंचाई विभाग की भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। इन जमीनों पर अवैध कॉलोनियां काटने के साथ-साथ रिहायशी क्षेत्रों में अवैध औद्योगिक गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं, जिससे प्रशासनिक नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि—

तार जलाने और ई-वेस्ट जलाने वाले माफिया गिरोहों पर तत्काल कार्रवाई की जाए

बेहटा नहर की भूमि से अवैध कब्जे हटाए जाएं

अवैध कॉलोनियों और रिहायशी क्षेत्रों में चल रही औद्योगिक गतिविधियों को बंद कराया जाए

स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए

लोनी बॉर्डर को आदर्श क्षेत्र बनाया जाएगा”

विधायक ने स्पष्ट कहा कि लोनी बॉर्डर क्षेत्र में चल रही सभी अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन के सहयोग से इन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी और क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित तथा आदर्श क्षेत्र बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

पर्यावरण और स्वास्थ्य पर बढ़ता खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार ई-वेस्ट और तार जलाने से निकलने वाला धुआं सीसा, पारा और अन्य जहरीले रसायनों से भरा होता है, जो हवा में घुलकर लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। इससे सांस संबंधी बीमारियों, त्वचा रोग और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा तेजी से बढ़ जाता है।

अब देखना यह होगा कि विधायक की इस पहल के बाद पुलिस और प्रशासन इस अवैध नेटवर्क पर कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से कार्रवाई करते हैं, क्योंकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here