लोनी में हत्या की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार

0
232

रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़

लोनी में हत्या की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार Police solved the murder case in Loni, two accused arrested

शराब पार्टी के दौरान विवाद में मफलर से गला घोंटकर की गई थी हत्या

लोनी । थाना पुलिस टीम ने चिरोड़ी चौकी क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कपड़े का मफलर (आलाकत्ल) तथा चार पव्वे देशी शराब बरामद किए हैं।

अज्ञात शव मिलने से हुआ था मामले का खुलासा

दिनांक 04 जनवरी 2026 को थाना लोनी पुलिस को सूचना मिली थी कि चिरोड़ी चौकी क्षेत्र में एक अज्ञात शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा व अन्य वैधानिक कार्यवाही पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। साथ ही शव की पहचान और घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान शव की पहचान आकाश पुत्र राजू, निवासी मेवला भट्टी, थाना लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना लोनी में धारा 103(1) बीएनएस एवं 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

5 जनवरी को दो अभियुक्त गिरफ्तार

दिनांक 05 जनवरी 2026 को गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो अभियुक्तों को चिरोड़ी चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान—

1. चिन्टू पुत्र जगवीर सिंह, निवासी ग्राम मेवला भट्टी, थाना लोनी, उम्र करीब 22 वर्ष

2. बादल पुत्र फिरे, निवासी ग्राम मेवला भट्टी, थाना लोनी, उम्र करीब 20 वर्ष

 

के रूप में हुई है।

पूछताछ में हत्या की वजह आई सामने

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे और मृतक आकाश साथ-साथ रहते थे। घटना वाले दिन तीनों शराब पार्टी करने के लिए घर से निकले थे और शराब खरीदकर साथ बैठकर पी रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया, जो देखते-ही-देखते हाथापाई में बदल गया।

अभियुक्तों के अनुसार, मृतक आकाश अधिक नशे में था और उग्र हो गया था, जिससे गुस्से में आकर उन्होंने मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर एक कपड़े का मफलर (आलाकत्ल) और चार पव्वे देशी शराब बरामद की है। फिलहाल अभियुक्तों के विरुद्ध इसी मामले में मुकदमा दर्ज है, अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

एसीपी लोनी ने बताया कि हत्या की इस घटना का त्वरित और सफल अनावरण किया गया है। मामले में साक्ष्य एकत्र कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और बरामदगी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें।

लोनी पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अपराधों के खुलासे को लेकर पुलिस सतर्क और सक्रिय है। हत्या जैसे जघन्य अपराध में शामिल अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की तत्परता एक बार फिर सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here