मेरा युवा भारत गाजियाबाद ने आयोजित की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता, युवाओं ने दिखाया दमखम

0
11

रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़

मेरा युवा भारत गाजियाबाद ने आयोजित की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता, युवाओं ने दिखाया दमखम

खेलों से निखरता है व्यक्तित्व और संवरता है भविष्य – देवेन्द्र कुमार

गाजियाबाद । मेरा युवा भारत, द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ब्लूम वर्ल्ड स्कूल, मथुरापुर में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुशील नागर एवं प्रधानाचार्य श्रीमती ललिता नागर ने किया।

कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए मेरा युवा भारत गाजियाबाद के उपनिदेशक देवेन्द्र कुमार ने कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल शरीर सशक्त होता है, बल्कि जीवन और कैरियर को भी नई दिशा और उड़ान मिलती है। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उन्हें सक्रिय एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उनके भीतर अनुशासन और खेल भावना का विकास करना है। साथ ही यह आयोजन स्थानीय स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक मजबूत मंच प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि देहात और छोटे कस्बों में प्रतिभाशाली युवाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन अवसरों के अभाव में वे आगे नहीं बढ़ पाते। मेरा युवा भारत ऐसे युवाओं की पहचान कर उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

प्रतियोगिता में बालिकाओं के लिए समूह स्पर्धा में खो-खो तथा एकल स्पर्धाओं में 200 मीटर व 100 मीटर दौड़ एवं बैडमिंटन को शामिल किया गया। बालकों के लिए समूह स्पर्धा में वॉलीबॉल तथा एकल स्पर्धाओं में 400 मीटर, 200 मीटर दौड़ और कुश्ती का आयोजन हुआ।

परिणाम इस प्रकार रहे:
बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में इशिका ने प्रथम, काजल ने द्वितीय एवं भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में निधि प्रथम, सोनी द्वितीय तथा भावना तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो प्रतियोगिता में ब्लूम वर्ल्ड स्कूल की टीम ने प्रथम और सीडीआरएस स्कूल की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में कनिष्का विजेता रहीं।
बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में दीपक प्रथम, तनिष द्वितीय और लवीश तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में जतिन प्रथम, विनीत द्वितीय तथा वंश तृतीय स्थान पर रहे। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सीडीआरएस स्कूल की टीम ने प्रथम और ब्लूम वर्ल्ड स्कूल की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में मास्टर बालचन्द नागर, सुनील नागर, पिंकी चौधरी, अर्चना, अभिषेक, पवन, वीरेंद्र एवं आदित्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं खुशी और वैष्णवी का सहयोग भी सराहनीय रहा।

कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही निर्णायक मंडल के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को भी मेडल, प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here