लोनी में खून से सना गेम पार्लर, 24 घंटे में कातिल बेनकाब

0
42
Oplus_131072

जन वाणी न्यूज़

लोनी में खून से सना गेम पार्लर, 24 घंटे में कातिल बेनकाब

मामूली कहासुनी ने ली किशोर की जान, पुलिस की सटीक घेराबंदी में दो बाल अपचारी दबोचे

रविन्द्र बंसल वरिष्ठ संवाददाता/ जन वाणी

लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र में एक वीडियो गेम पार्लर पर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में तब्दील हो गया। तुच्छ कहासुनी ने एक किशोर की जान ले ली और इलाके को दहला दिया। हालांकि, वारदात के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने अभूतपूर्व तेजी दिखाते हुए महज़ 24 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठाकर दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में ले लिया।

08 अप्रैल 2026 को हुई इस घटना में वीडियो गेम खेलने के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ी कि एक किशोर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने बिना देर किए मुकदमा दर्ज कर जांच का पहिया तेजी से घुमाया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, स्थानीय इनपुट जुटाए गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें ट्रेस किया गया।

पुलिस की मुस्तैदी और सटीक रणनीति का नतीजा रहा कि 24 घंटे के भीतर ही वारदात का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मामूली विवाद ने ही इस जघन्य वारदात का रूप ले लिया।

एडीसीपी/एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई ने एक ओर जहां पुलिस की चुस्त और प्रभावी कार्यशैली को उजागर किया है, वहीं दूसरी ओर समाज के सामने यह कड़वा सच भी रखा है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा किस तरह जानलेवा रूप ले रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here