जन वाणी न्यूज़
गाजियाबाद: जमीन के खेल में फर्जीवाड़ा, गिरफ्तारी के बाद भी कई सवाल — क्या सक्रिय है संगठित भूमाफिया नेटवर्क?
जन वाणी संवाददाता
गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद मुनव्वर को गिरफ्तार कर न्यायालय में जेल भेजा गया, लेकिन इलाके में बढ़ते जमीनी फर्जीवाड़े ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2025 को शिकायतकर्ता साबिर अली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी और उसकी मां फरजाना ने उनकी मां मंगो की ग्राम पावी सादकपुर स्थित कृषि भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर दिए। इसके बाद जमीन के हिस्सों को अलग-अलग लोगों को बेच दिया गया और कई जगहों पर कब्जा दिला दिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी कागजात तैयार करने और उन्हें बेचने की पूरी प्रक्रिया में मां के साथ मिलकर काम किया। जानकारी के अनुसार इस मामले में आरोपी की मां फर्जाना पूर्व में जेल जा चुकी है। आरोप है कि जब असली मालिकों ने कब्जा हटाने की कोशिश की तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ ट्रोनिका सिटी थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं और उसके अन्य आपराधिक कनेक्शन की भी जांच जारी है।
स्थानीय सूत्रों और जानकारों का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी कथित रूप से संगठित भूमाफिया गिरोह का सरगना है। बताया जा रहा है। आरोप है कि जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े में उसके साथ कई लोग सक्रिय हैं — दस्तावेज तैयार करने वाले, जमीन दिखाने वाले, खरीदार खड़े करने वाले और कब्जा दिलाने वाले।
पुलिस ने गिरफ्तार मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है, लेकिन इलाके बढ़ते जमीन से जुड़े विवाद और धोखाधड़ी की घटनाऐं नये सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण नेटवर्क सक्रिय है, जो जमीन के फर्जीवाड़े को अंजाम देता है।
ऐसे में कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं —
- कौन चला रहा है फर्जी दस्तावेजों का पूरा नेटवर्क?
- राजस्व रिकॉर्ड और जमीन के कागजात की जांच कितनी प्रभावी है?
- बार-बार सामने आ रहे जमीनी फर्जीवाड़े पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा?
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अभी यह स्पष्ट है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई और गहन जांच नहीं हुई, तो भूमाफिया का खेल और बड़े स्तर पर फैल सकता है।
