जन वाणी न्यूज़
गाजियाबाद में गैस और ईंधन की कमी की अफवाहों पर प्रशासन सख्त
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉदड़ ने कहा— जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति; जमाखोरी और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
गाजियाबाद। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से संयम बरतने की अपील की है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉदड़ ने कहा कि गाजियाबाद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा पर्याप्त मात्रा में रिजर्व भी उपलब्ध है। गैस की कमी की बातें अफवाह और बेबुनियाद हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार हाल के दिनों में अफवाहों के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ गैस बुकिंग कराई जा रही है, जिससे सर्वर पर अत्यधिक लोड बढ़ गया है और बुकिंग प्रक्रिया में तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई है। इसे ठीक करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया है। ये टीमें जनपद में लगातार निगरानी रखेंगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करेंगी। प्रशासन ने साफ किया है कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल-डीजल या गैस सिलेंडरों की जमाखोरी करता है, कालाबाजारी करता है या अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनता की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 0120-3761964 जारी किया है, जिस पर नागरिक किसी भी समस्या या जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए संबंधित गैस कंपनियों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी क्षेत्र में आने वाली समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों तथा पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। प्रशासन के अनुसार जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति और भंडार उपलब्ध है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
