
रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़
अंकुर विहार पुलिस का साहसिक एक्शन, हत्या आरोपी दो इनामी बदमाश मुठभेड़ में दबोचे
25-25 हजार के इनामी अपराधियों के पैर में लगी गोली, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, तमंचा व बुलेट मोटरसाइकिल बरामद
गाजियाबाद । पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत लोनी बॉर्डर के थाना अंकुर विहार पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने त्वरित सूचना, सटीक रणनीति और साहसिक कार्रवाई का परिचय देते हुए हत्या की वारदात में शामिल दो कुख्यात इनामी अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था की दृष्टि से बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक 29/30 दिसंबर 2025 की रात थाना अंकुर विहार पुलिस टीम दादी भोई मैरिज होम के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डाबर तालाब क्षेत्र में गोली मारकर हत्या करने वाले दो शातिर अपराधी बुलेट मोटरसाइकिल से रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए रामलीला मैदान के सामने पक्की सड़क पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ ही देर में नगर पालिका रोड की ओर से एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने मोटरसाइकिल नहीं रोकी और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। भागने के प्रयास में मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, इसके बावजूद बदमाश लगातार पुलिस पर गोलियां चलाते रहे। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने नाम मन्नू उर्फ सुहैल पुत्र इरशाद उर्फ भालू निवासी बंगाली पीर, डाबर तालाब थाना अंकुर विहार तथा शान पुत्र नईम निवासी प्रेमनगर लोनी थाना लोनी बताया। दोनों अभियुक्त 25-25 हजार रुपये के इनामी हैं। मुठभेड़ में घायल होने के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार बदमाशों ने 11 दिसंबर 2025 को एसएलएफ वेद विहार डीएलएफ निवासी शिवम उर्फ लालू पुत्र स्वर्गीय सुनील कुमार की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में थाना अंकुर विहार पर मुकदमा संख्या 446/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत पहले से अभियोग पंजीकृत है।
मौके से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल मय तीन जिंदा कारतूस, एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसीपी ने बताया कि अभियुक्त मन्नू उर्फ सुहैल शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ लूट, हत्या, हत्या का प्रयास और बलवा सहित करीब डेढ़ दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अभियुक्त शान के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और रंगदारी समेत सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की भी गहनता से जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई से न केवल हत्या के मामले का खुलासा हुआ, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों को भी कड़ा संदेश गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
