जन वाणी न्यूज़
किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) निकालेगी सांकेतिक यात्रा
3 नवम्बर को लोनी क्षेत्र में किसानों की समस्याओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा
लोनी, 30 अक्टूबर। क्षेत्र के किसानों की लगातार उपेक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान न होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने आगामी 3 नवम्बर को एक सांकेतिक यात्रा निकालने की घोषणा की है।
संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी प्रवीन मालिक द्वारा उप जिलाधिकारी लोनी को दिए गए पत्र में बताया गया है कि लोनी क्षेत्र के किसानों की भूमि, आवास, विकास और विद्युत जैसी अनेक जनहित समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले हजारों किसान महिला व पुरुष कार्यकर्ता इस सांकेतिक यात्रा में शामिल होंगे।
पत्र के अनुसार यह यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाएगी और किसानों का उद्देश्य केवल अपनी समस्याओं के प्रति प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है।
चौधरी प्रवीन मालिक ने पत्र में स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का कानून-व्यवस्था का उल्लंघन नहीं होगा,
और यूनियन कार्यकर्ता पूरी तरह अनुशासन में रहेंगे।
उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा की है कि यात्रा के मार्ग में किसी प्रकार की ट्रैफिक व्यवस्था या अन्य असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा व प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
यात्रा के दौरान यूनियन किसानों की प्रमुख मांगें —
लोनी क्षेत्र में भूमि विवादों का समाधान,
आवास विकास परिषद की समस्याओं का निस्तारण,
जलभराव, सड़क व विद्युत से जुड़ी दिक्कतों का निवारण को लेकर प्रशासन से वार्ता करेगी।
पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो संगठन आगे की वृहद आंदोलनात्मक रणनीति अपनाने पर विवश होगा।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की यह यात्रा पूरी तरह अहिंसक व लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित की जाएगी।
संगठन ने प्रशासन को सहयोग की अपेक्षा जताई है ताकि किसानों की आवाज शांतिपूर्ण ढंग से सरकार तक पहुँच सके।
