रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़
चेकिंग में बेनकाब हुआ शातिर अपराधी, पिस्टल-कारतूस के साथ गिरफ्तारी में
मेरठ की सड़कों पर हथियार लेकर घूम रहा था आरोपी, कार भी सीज
मेरठ। जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के दावों के बीच थाना नौचन्दी पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को धर दबोचा है, जो खुलेआम अवैध हथियार लेकर शहर की सड़कों पर घूम रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर उसके इरादों पर पानी फेर दिया।
पुलिस के मुताबिक, नौचन्दी थाना क्षेत्र में प्रभावी चेकिंग के दौरान पहलवान होटल के सामने, हापुड़ अड्डा के पास एक स्विफ्ट कार को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी में कार सवार युवक के पास से 32 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान शिवम तौमर के रूप में हुई, जो गंगानगर थाना क्षेत्र का निवासी है।
हथियार के साथ कार में घूमता मिला, कागजात तक नहीं थे
जांच के दौरान आरोपी न तो हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज दिखा सका और न ही वाहन के कागजात। इसके बाद स्विफ्ट कार संख्या UP37 5404 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी वारदात की फिराक में था, हालांकि इस बिंदु पर जांच जारी है।
एक और मुकदमा जुड़ा, सीधे जेल भेजा गया
अवैध हथियार बरामद होने पर थाना नौचन्दी में मुकदमा संख्या 20/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार मेरठ भेज दिया गया।
अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कोई नया नाम नहीं है। उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। बीते कुछ वर्षों में अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ लगातार आपराधिक मामले दर्ज होते रहे हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति साफ झलकती है।
बरामदगी ने खड़े किए कई सवाल
शहर के व्यस्त इलाके में हथियार और कारतूस के साथ घूमते पकड़े जाने की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस की सक्रिय चेकिंग ने एक संभावित वारदात को समय रहते रोकने का दावा किया है।
बरामदगी का पूरा ब्योरा
एक पिस्टल 32 बोर
तीन जिंदा कारतूस 32 बोर
एक स्विफ्ट कार (सीज)
सख्त कार्रवाई का संकेत
इस गिरफ्तारी को पुलिस की सख्ती और निगरानी का उदाहरण बताया जा रहा है। संदेश साफ है—अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।
