जन वाणी न्यूज़
मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल, साथी गिरफ्तार
मोदीनगर में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पिस्टल-कारतूस और कार बरामद
जन वाणी संवाददाता
गाजियाबाद। कमिश्नरेट पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर दबोच लिया, जबकि उसके एक साथी को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। बदमाश के कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन और एक कार बरामद हुई है।
स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना मोदीनगर पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोदीनगर व निवाड़ी थानों में दर्ज मामलों में वांछित इनामी अपराधी अपने साथी के साथ ग्रे रंग की आल्टो कार से मोदीनगर से भोजपुर की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गदाना गांव के आगे चकरोड पर चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर दोनों आरोपी कार छोड़कर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घायल बदमाश की पहचान
जलवीर उर्फ जल्लू (50) निवासी दौसा बंजारपुर, थाना भोजपुर के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसका साथी जतिन शर्मा (35) निवासी कड़कड़डूमा, दिल्ली को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में जलवीर ने हाल ही में 2 अप्रैल की रात हिस्ट्रीशीटर राहुल कालू पर हुई फायरिंग की घटना में अपने साथियों के साथ शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार जलवीर उर्फ जल्लू पर हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें दिल्ली और गाजियाबाद के मामले शामिल हैं। कई मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
यह हुई बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक ग्रे रंग की आल्टो कार (DL6CR9421) बरामद की है।
पुलिस का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
