मेरठ में जुआ–सट्टा गिरोह पर पुलिस का तगड़ा वार

0
16

जन वाणी न्यूज़

मेरठ में जुआ–सट्टा गिरोह पर पुलिस का तगड़ा वार

28 आरोपी दबोचे गए, 57 हजार से ज्यादा नकदी, पेटीएम मशीनें और मोबाइल बरामद

नरेंद्र बंसल
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 28 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर नकदी, मोबाइल फोन, सट्टा पर्चियां, पेटीएम मशीनें और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई अवैध जुए–सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राजेश काम्बोज के नेतृत्व में 28 जनवरी को पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर मयूर वाली गली स्थित तिरंगा पार्क, सेक्टर-3 माधवपुरम में कपिल के मकान पर दबिश दी गई।

छापेमारी के दौरान मकान के अंदर 28 लोग जुआ और सट्टा खेलते पाए गए। पुलिस को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया गया।

नकदी, पेटीएम मशीनें और सट्टा पर्चियों का जखीरा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 57,910 रुपये नकद, 13 मोबाइल फोन, ताश की गड्डियां, 111 सट्टा पर्चियां, चार्ट, टिकट पर्चियां, चार पेटीएम मशीनें, दो कैलकुलेटर सहित बड़ी मात्रा में सट्टा सामग्री बरामद की है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से ऑनलाइन सट्टा संचालन की भी आशंका जताई जा रही है।

दो मुकदमे दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी

थाना ब्रह्मपुरी पर इस मामले में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत दो मुकदमे (मु0अ0सं0 48/26 व 49/26) दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

इनकी रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक विमल कुमार, अनुज कटियार, आशुतोष, चन्द्रभान, हिमांशु भारद्वाज, अविरल मिश्र, ललित कुमार, भीम समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि मेरठ में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और आगे भी ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here