रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु बैठक, पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त
कलेक्ट्रेट सभागार में 11 पुराने व नए प्रकरणों पर हुई सुनवाई, भूमि कब्जा व गन लाइसेंस मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
गाजियाबाद । जनपद के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आईएन) राम प्रवेश सिंह द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों, एडम कमांडेंट स्टेशन हेडक्वार्टर बाबूगढ़ छावनी, जिला सैनिक बंधु के सदस्यों, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों के स्वागत व आभार व्यक्त करने के साथ हुई। इसके पश्चात उन्होंने पिछली जिला सैनिक बंधु बैठक (18 नवंबर 2025) के बाद कार्यालय द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
पुराने आवेदनों पर विस्तृत चर्चा
बैठक में सबसे पहले पूर्व में लंबित चार आवेदनों पर विचार किया गया। पूर्व ऑनरेरी लेफ्टिनेंट सुदेशपाल के प्रकरण में अग्रणी बैंक प्रबंधक ने अवगत कराया कि संबंधित मामला एनसीएलटी में दाखिल किया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैंक के जोनल हेड को बुलाकर एडीएम सिटी एवं एलडीएम की उपस्थिति में प्रकरण का समाधान कराया जाए।
पूर्व सैनिक एक्स-सार्जेंट प्रवीन कुमार के खसरा संख्या 560 एवं 502 पर भूमाफियों द्वारा सीमेंट की स्लैब डालकर किए गए अवैध कब्जे के मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार सदर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं वीर नारी अंजू रानी, पत्नी स्व. सूबेदार मेजर ब्रजमोहन उजलायन को अवगत कराया गया कि भूमि की पैमाइश तीन दिन के भीतर करा दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिक बी.सी. बंसल द्वारा गत बैठक में उठाए गए बिंदु को संस्तुति के आधार पर निस्तारित घोषित किया गया।
नए मामलों में गन लाइसेंस प्रमुख मुद्दा
इसके बाद बैठक में प्रस्तुत सात नए आवेदनों पर चर्चा हुई, जिनमें अधिकांश प्रकरण गन लाइसेंस के स्थानांतरण एवं पंजीकरण से संबंधित थे। सभी आवेदनों को क्रमवार सुना गया और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए एडीएम सिटी, गाजियाबाद को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पूर्व सैनिकों को मिला भरोसा
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है, ऐसे में उनकी समस्याओं का समयबद्ध और न्यायपूर्ण समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिक सहभागिता की अपील
बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन राम प्रवेश सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं लगभग 50 उपस्थित पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक पूर्व सैनिक जिला सैनिक बंधु की बैठकों में भाग लें और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन बैठक से कम से कम दो दिन पूर्व जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में जमा करें, जिससे मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
ये रहे उपस्थित अधिकारी
बैठक में एडम कमांडेंट स्टेशन हेडक्वार्टर बाबूगढ़, मुख्य कोषाधिकारी, नगर आयुक्त नगर निगम, जिला सूचना अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक के प्रतिनिधि सहित जिला सैनिक बंधु के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के वरिष्ठ सहायक पवन कुमार, कनिष्ठ सहायक विनोद कुमार, कविता देवी, रीतू सिंह, निपुण पायला तथा अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
