नशा मुक्त गाजियाबाद की मुहिम तेज, ड्रग माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

0
32

रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़

नशा मुक्त गाजियाबाद की मुहिम तेज, ड्रग माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक में अंतरराज्यीय सीमाओं, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर कड़ी निगरानी पर जोर

गाजियाबाद । जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई और तेज करने का संकेत दिया है। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देशन में एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, विभागीय समन्वय और जन-जागरूकता अभियानों को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम सिटी ने कहा कि जनपद में ड्रग तस्करी, अवैध खरीद-फरोख्त और नशे के नेटवर्क के खिलाफ अभियान को मिशन मोड में चलाने की आवश्यकता है। इसके लिए सतर्कता और खुफिया तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ अंतरराज्यीय सीमाओं पर सख्त निगरानी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा प्रबंधन केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि जनपद की सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा विषय है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एडीएम सिटी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ ड्रग माफियाओं पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाए। अभियान के तहत स्कूलों के आसपास गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले उत्पादों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि स्कूलों में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत वाद-विवाद, चित्रकला, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जीआरपी, परिवहन विभाग और आरटीओ को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जा सके। ड्रग इंस्पेक्टर को सभी मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने तथा बिना लाइसेंस नारकोटिक्स रखने या बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए।

यूपीएसआरटीसी गाजियाबाद के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बस स्टॉप और बस स्टैंड के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों और नियमावली को पुलिस एवं संबंधित विभागों के साथ साझा किया जाए। कोडिन और अन्य नशीली दवाओं की अवैध खरीद-फरोख्त पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी बैठकों में उच्च शिक्षा विभाग और श्रम विभाग के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा, ताकि कॉलेजों, औद्योगिक क्षेत्रों और श्रमिक आबादी में भी नशा विरोधी अभियान को व्यापक रूप दिया जा सके।

इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नारकोटिक्स सेल, खाद्य विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर, डीपीओ, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग और यातायात विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई लगातार और निर्णायक रूप से जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here