
रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़
मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत गाज़ियाबाद पुलिस की विशेष पहल
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी, पुलिस हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के लिए किया जागरूक
गाज़ियाबाद। 29 सितम्बर उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार ट्रांस हिंडन और नगर जोन में पुलिस की पिंक बूथ टीमों तथा एंटी रोमियो स्क्वाड ने स्कूलों, मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर छात्राओं व महिलाओं को सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया।
आज आयोजित इस अभियान में पिंक बूथ पुलिस टीम मोहननगर, एंटी रोमियो स्क्वाड थाना साहिबाबाद ने चौधरी चरण सिंह मेमोरियल पब्लिक सेकेंडरी स्कूल में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। टीम ने थाना साहिबाबाद क्षेत्र के मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग भी की और वहां मौजूद महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
इसी क्रम में एंटी रोमियो स्क्वाड थाना खोडा की टीम ने सेंट एंटनी स्कूल, तथा पिंक बूथ पुलिस टीम कौशाम्बी व एंटी रोमियो स्क्वाड थाना कौशाम्बी ने सन वैली स्कूल में छात्राओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं नगर जोन की महिला मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो स्क्वाड ने उमा पब्लिक स्कूल, प्रताप विहार, तथा आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर जानकारी प्रदान की।
सभी टीमों ने छात्राओं को ‘बैड टच’ की पहचान और उससे निपटने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की असुविधा, अपराध, असुरक्षा या समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबरों – 112, 1090, 181, 1930 – पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें जागरूक करना मिशन शक्ति अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी असुरक्षित स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस से मदद लें।
यह अभियान महिला सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने और छात्राओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रहा है।
