रविन्द्र बंसल प्रधान संपादक / जन वाणी न्यूज़
सभापति मनीष असीजा की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश विधान मण्डल की प्रदेश के स्थानीय निकायों के लेखा परीक्षा प्रतिवेदनों की जांच सम्बन्धी समिति वर्ष (2024-25) की प्रथम उप समिति की महत्वपूर्ण बैठक आहूत
लोक कल्याण ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: सभापति मनीष असीजा
लोक कल्याण करना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए: सभापति मनीष असीजा
गाजियाबाद। सभापति मनीष असीजा की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश विधान मण्डल की प्रदेश के स्थानीय निकायों के लेखा परीक्षा प्रतिवेदनों की जांच सम्बन्धी समिति वर्ष (2024-25) की प्रथम उप समिति की अति आवश्यक / महत्वपूर्ण बैठक दुर्गावती सभागार, विकास भवन में आहूत हुईं।
सभापति मनीष असीजा के विकास भवन पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा सभागार में माननीय सभापति सहित श्रीमती सरिता भदौरिया सदस्य, डॉ.डी.सी.वर्मा सदस्य, गुरू प्रसाद मौर्या सदस्य, श्री गौरव कुमार सदस्य, विनोद चतुर्वेदी सदस्य, संग्राम सिंह सदस्य, किरत सिंह सदस्य सहित समिति की टीम को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
सभापति मनीष असीजा ने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य लोक कल्याण है और यही उसकी प्रथम व मुख्य प्राथमिकता भी है। जनता कर के रूप में सरकार के पास जो धन जमा करती है, वही धन सरकार परियोजनाओं और योजनाओं के माध्यम से जनता के हित में वापस करती है। उन्होंने कहा कि जनता का पैसा जनता को ही लौटाया जाता है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं आनी चाहिए। विभागों को जो भी धनराशि लोक कल्याण एवं परियोजनाओं के लिए प्राप्त होती है, उस पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
असीजा ने यह भी कहा कि जनपद गाजियाबाद के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं और उनके प्रयासों से जिले में विकास की गति और तेज़ हुई है। नगर निगम और जीडीए द्वारा सराहनीय कार्य किये गये।
नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा नगर निगम गाजियाबाद द्वारा किये गये कार्यों की समिति को प्रस्तुति दी गई। जिसमें उन्होंने बताया कि जनपद गाजियाबाद द्वारा नवाचार, स्वच्छता व सुन्दरता में नये आयाम स्थापित किये हैं। उन्होने बताया कि प्लास्टिक मुक्ति हेतु नये प्रयास, ई0वी0चार्जिंग हेतु स्टेशन, गाय के गोबर से प्राकृतिक पेंट, जनशिकायतों निस्तारण एवं जनसुविधा हेतु एप, सुरक्षा की दृष्टि से कैमरें, कूड़ा निस्तारण में सार्थक एवं उच्चतम प्रयास, विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं उनकी भूमिका हेतु पुस्तक निकालना सहित अनेक कार्य करते हुए शासनादेश के अनुपालन में परियोजनाओं को पूर्ण गुणवत्ताओं के साथ पूर्ण किया गया।
जीडीए सचिव राजेश सिंह द्वारा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा कराये जा रहे कार्यों की समिति को प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के दौरान जीडीए सचिव ने जीडीए के आय—व्यय सहित जीडीए के कार्यों के बारे में विस्तार से बताया कि जीडीए पर पूर्व में करोड़ों रूपयों का कर्जा था जो कि वर्ष 2025 में जीडीए कर्ज मुक्त हो गया हैं। जीडीए हरनंदीपुरम— एक आवासीय टाउनशिप, योजना पर कार्य कर रहा है। जीडीए नार्दन पेरिफेरल परियोजना, मधूबन बापूधाम योजना, बुनकर मार्ट एक्सपो एवं कन्वैंशन सेन्टर, नवीन प्राधिकरण कार्यालय भवन, पार्कों का सौन्दर्यकरण/विकास/निर्माण, रामायण थीम पार्क सहित अन्य योजनाओं की प्रगति/ लागत सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं से अवगत कराया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल एवं जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा विकास कार्यों से सम्बंधित योजनाओं कार्यों के बारे में समिति को प्रस्तुति दी गयी। जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण, परियोजना अधिकारी नेडा, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, अपर सचिव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड, प्रधानाचार्य राजकीय पॉलीटेक्निक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियन्ता नलकूप खण्ड, अधिशासी अभियन्ता सिचाई, क्षेत्रीय प्रबन्धक यू०पी०सीडा, समस्त अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद्/नगर पंचायत के अधिकारियों द्वारा विगत 05 वर्षों यथा 2020-21, 2021-22, 2022-23, 2023-24 तथा 2024-25 में विभागीय योजनाओं व परियोजनाओं की योजनावार भौतिक व वित्तीय प्रगति की समस्त सूचना एवं कार्यों से समिति को अवगत कराते हुए निर्देश प्राप्त किये गये।
जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह माँदड़ ने बैठक के समापन सभी गणमान्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, डीसीपी धवल जायसवाल भी उपस्थित रहे।
