
मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, एसडीएम व पुलिस उपायुक्त ने दी सम्बंधित कार्यों की विस्तार से जानकारी
गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में राष्ट्रीय सुशासन केंद्र की टीम के साथ श्रीलंका के 40 सिविल सेवकों का लोक नीति एवं शासन से संबंधित पारस्परिक विचार विमर्श कार्यक्रम हेतु आगमन हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम विकास भवन गाजियाबाद में श्रीलंका से आए सिविल सेवकों को गार्ड ऑफ हॉनर देकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात गुरुकुल स्कूल के बच्चों द्वारा उनका टीका और माला पहनाकर स्वागत किया गया।
विकास भवन स्थित दुर्गावती सभागार भवन में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल द्वारा भारतीय प्रशासन में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के कर्तव्यों और दायित्वों के बारे में बताया गया। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी नगर गम्भीर सिंह द्वारा अपर जिलाधिकारी के दायित्वों और कर्तव्यों को बताया गया। उप जिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती द्वारा तहसील और एसडीएम के कार्यों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के अगले चरण में पुलिस प्रशासन से संबंधित कार्यों, दायित्वों एवं संरचना के बारे में पुलिस उपायुक्त निमिष पाटिल एवं सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री लिपि नागायच द्वारा प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण के पश्चात श्रीलंका सिविल सेवकों द्वारा कई जिज्ञासाएं जाहिर की गईं, जिनका उत्तर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम के समापन में राष्ट्रीय सुशासन केंद्र के प्रतिनिधि एवं श्रीलंका के सभी सिविल सेवकों को ललित जायसवाल, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस के द्वारा एनआरएलएम की स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित स्टोल पहनाकर धन्यवाद ज्ञापित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी द्वारा समस्त आगंतुकों को श्रीमद् भागवत गीता और स्मृति उपहार प्रदान किया गया।
सभागार से पुनः टीम को विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का भ्रमण जिला विकास अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा श्रीवास्तवा द्वारा कराया गया।